मुख्यमंत्री साय के दिल्ली जाने से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर हुई तेज

0
44

मुख्यमंत्री साय के दिल्ली जाने से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा फिर हुई तेज
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे पर जाने से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा एक बार फिर से तेज हो गई है। मुख्यमंत्री साय दौरे के दौरान शीर्ष नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में गुरुवार को शामिल होने के बाद लौटेंगे। चर्चा है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ मंत्रियों के प्रभार में कुछ फेरबदल हो सकता है। मंत्रिमंडल में फिलहाल दो मंत्रियों की जगह खाली है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके अलावा अरुण साव और विजय शर्मा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 22 दिसंबर 2023 को मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए नौ विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। एक पद खाली रह गया था।
विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद बनने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में कैबिनेट में दो जगह खाली हो गई, जिसे भरने की कवायद काफी दिनों से चल रही है। मंत्री पदों पर किसे जगह मिलेगी, इस पर सबकी निगाहें दिल्ली से लेकर रायपुर तक टिकी हुई है। फिलहाल मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद अटकलों पर विराम लगने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here