अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे

0
46

अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे
अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंको एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका विशेष स्वागत किया। अंगोला के राष्ट्रपति 38 वर्षों के बाद भारत आये हैं। भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।
राष्ट्रपति लॉरेन्को का कल राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। अंगोला के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ चर्चा करेंगे। अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में भोज का आयोजन भी होगा। इसके अलावा, राष्ट्रपति लॉरेन्को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे। इस यात्रा के दौरान कई सहमति पत्रों और समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। रविवार को राष्ट्रपति लॉरेन्को नई दिल्ली में एक व्यापारिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच निवेश और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देना है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और अंगोला के मैत्रीपूर्ण संबंधों के बीच दोनों देशों के मध्‍य द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है और 2023-2024 के दौरान यह चार दशमलव 192 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण सहयोग और रक्षा संबंधों का भी विस्तार हो रहा है। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं।.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here