प्रदेश के अशोकनगर में चल रहे न्याय सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस के सभी बड़े नेता गिरफ्तार

0
87

प्रदेश के अशोकनगर में चल रहे न्याय सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस के सभी बड़े नेता गिरफ्तार
मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रदेश के अशोकनगर में चल रहे न्याय सत्याग्रह के दौरान ये गिरफ्तारी की गई। एसडीओपी विवेक शर्मा ने मंच से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित न्याय सत्याग्रह में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की घोषणा की। हालांकि इसके तत्काल बाद ही सभी नेता कार्यकर्ताओं को रिहा भी कर दिया गया। एसडीओपी विवेक शर्मा द्वारा सभी की गिरफ्तारी की घोषणा के कुछ क्षण बाद ही अशोकनगर के एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव ने सभी नेता, कार्यकर्ताओं को रिहा करने की घोषणा कर दी।

कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर वार किए। पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजयसिंह ने कहा कि मैंने ऐसी पुलिस नहीं देखी जो इतनी घबराई हुई है। मेरे पास खबर यह आई कि यहां आठ जिलों की पुलिस बुलाई गई है ताकि लोग हमारी सभा में न आ पाएं।

जीतू पटवारी पर केस के संबंध में दिग्विजय सिंह ने कहा कि 50 साल की राजनीति में मैंने ऐसा केस नहीं देखा, जहां पुलिस के पास कोई शिकायतकर्ता नहीं पहुंचा, लेकिन मुकदमा हमारे प्रांतीय अध्यक्ष पर दर्ज कर दिया। जीतू पटवारी पर अशोकनगर की पुलिस ने बड़ी कृपा की है। आज यदि बिना किसी रिपोर्ट के स्वयं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नहीं किया होता हम लोग यहां इकट्ठे भी नहीं होते।

अशोकनगर में कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह में मध्यप्रदेश में नकली बीजों का मामला भी उठा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर इस संबंध में बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान नकली बीज देकर किसानों के साथ घोर अन्याय किया गया था। हरीश चौधरी ने बीजों के नाम पर किसानों के साथ हजारों-करोड़ का घोटाला करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने जीतू पटवारी पर की गई एफआइआर को प्रदेश सरकार की न्याय दिलाने की आवाज को दबाने की कोशिश करार दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here