‘मन की बात’ में नशे के खिलाफ PM मोदी का बड़ा संदेश, युवाओं को किया जागरूक

0
1

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने देश के युवाओं से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे से मुक्त युवा ही स्वस्थ, खुशहाल और विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।

PM मोदी ने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इससे प्रभावित होता है। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर निकलने में मदद करने वाले लोगों के प्रयासों की सराहना की।

युवाओं को दिया रचनात्मक भागीदारी का संदेश
प्रधानमंत्री ने युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से नशामुक्ति के संदेश को रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्ति पर नारे, गीत, लघु नाटक और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने की अपील की, ताकि अभियान को जनभागीदारी के जरिए और व्यापक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि कई बार रचनात्मक प्रयास किसी औपचारिक अभियान की तुलना में लोगों पर अधिक प्रभाव डालते हैं। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल समाज को नशे से दूर रखने के लिए किया जाना चाहिए।

2047 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने 2047 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई। उन्होंने युवाओं, परिवारों और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

‘मन की बात’ में नशामुक्ति के मुद्दे को प्रमुखता दिए जाने के साथ प्रधानमंत्री ने युवाओं से देश के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आने का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here