इंदौर में आयोजित यात्री परिवहन विजन समिट-2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 सितंबर 2026 से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस नई परिवहन व्यवस्था का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। योजना में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
15 हजार से अधिक बसों का लक्ष्य
सरकार की योजना प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसों के संचालन और करीब 5 लाख किलोमीटर के रोड नेटवर्क को कवर करने की दिशा में आगे बढ़ने की है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर बस कनेक्टिविटी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
इस सेवा में आधुनिक मोबिलिटी सिस्टम, डिजिटल टिकटिंग, फ्लीट मैनेजमेंट, स्मार्ट बस स्टॉप और अन्य तकनीकी सुविधाओं को शामिल करने की योजना है। सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक व्यवस्थित और यात्रियों के लिए भरोसेमंद बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ मध्य प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी।



