चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर केंद्र सरकार सतर्क है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से फोन पर चर्चा कर प्रदेश की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चक्रवात के संभावित प्रभावों और उससे निपटने के लिए राज्य सरकार की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है, लेकिन फिलहाल कहीं से भी बाढ़ या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
केंद्र सरकार ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा की है। उन्होंने प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। शाह ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय हैं। चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने और अतिरिक्त जरूरतों का पता लगाने के लिए प्रभावित राज्यों में अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल भी भेजे जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के सहयोग और सहायता के आश्वासन के लिए अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।




