2021 में हुए टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर तक भाला फेंककर जैसे ही नीरज चोपड़ा ने जश्न मनाया, पूरा देश खुशी से झूम उठा। नीरज ने एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया था। अब तीन साल बाद नीरज पेरिस ओलंपिक में न केवल ओलंपिक चैंपियन, बल्कि विश्व चैंपियन का ताज पहनकर उतरेंगे। ऐसे में उनके सामने अपना ताज बचाने की कड़ी चुनौती होगी। नीरज 2024 के शीर्ष भाला फेंक एथलीटों में चौथे स्थान पर चल रहे हैं। अपनी रिकॉर्ड बुक में एक और ओलंपिक स्वर्ण जोड़ने के लिए नीरज को अपने से आगे चल रहे तीन एथलीटों की चुनौती से पार पाना होगा। आइए एक नजर डालते हैं उन एथलीटों पर जो पेरिस में नीरज को चुनौती देंगे।
जैकब वडलेज, चेक गणराज्य (सीजन बेस्ट: 88.37 मी, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ: 89.54 मी)
जैकब टोक्यो में रजत पदक जीतने में सफल रहे थे, जबकि बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य जीता था। नीरज के साथ उन्होंने लगभग हर इवेंट में प्रतिस्पर्धा की है। 2024 सत्र की शुरुआत में कतर डायमंड लीग में नीरज को पीछे छोड़ जैकब शीर्ष पर रहे थे। हालांकि वे सिर्फ 2 सेंटीमीटर से ही आगे रहे। जून में उन्होंने 88.65 मीटर के थ्रो के साथ यूरोपीय चैंपियनशिप का स्वर्ण जीता है।
जूलियन वेबर, जर्मनी (सीजन बेस्ट: 88.65 मी, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ: 90.88 मी)
टोक्यो ओलंपिक में वेबर चौथे स्थान पर रहे थे, लेकिन वे इस बार कोई गलती नहीं करना चाहेंगे। वेबर के लिए यह सीजन अब तक अच्छा रहा है, जिसमें उन्होंने 88.37 मीटर के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्होंने यूरोपीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है।
मैक्स हेडिंग, जर्मनी (सीजन बेस्ट: 90.20 मी, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ: 90.20 मी)
युवा जर्मन एथलीट ने 2024 की शुरुआत में 90.20 मीटर के थ्रो के साथ सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। इस साल केवल मैक्स ही 90 मीटर का मार्क पार कर पाए हैं। हालांकि वे उसके बाद इस मार्क तक नहीं पहुंच पाए हैं। तब से उनका स्कोर 70 से 80 मीटर के आसपास ही रहा है, लेकिन 90 का मार्क पार करने के कारण वे प्रबल दावेदारों में शुमार हो गए हैं।
एंडरसन पीटर्स, ग्रेनेडा (सीजन बेस्ट: 86.62 मी, व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 93.07 मी)
पूर्व विश्व चैंपियन ने अपने करियर में अब तक चार बार 90 मीटर का मार्क पार किया है। 2022 में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के बाद वे एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। उसके बाद उन्हें वापसी में काफी समय लगा। इस साल कतर में उन्होंने 88.62 मीटर के थ्रो के साथ खुद को पेरिस ओलंपिक में पोडियम फिनिश की होड़ में ला खड़ा किया है।




